दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम हुए कार ब्लास्ट ने पूरे शहर को दहला दिया। इस भीषण धमाके में आसपास खड़ी कई गाड़ियां चपेट में आ गईं। अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस, एनएसजी, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और जांच लगातार जारी है। इस बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इलाके में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर लोगों को कुछ मार्गों से दूर रहने की सलाह दी है।
???? क्या है ट्रैफिक एडवाइजरी?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार —
“11 नवंबर 2025 को आपात स्थिति के चलते, छत्ता रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक नेताजी सुभाष मार्ग के दोनों कैरिजवे और सर्विस रोड पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा।
यात्रियों से अनुरोध है कि सुबह 6:00 बजे से अगले आदेश तक इन मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।
इस दौरान छत्ता रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक और इसके विपरीत दिशा में किसी भी वाहन को नेताजी सुभाष मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी।”
???? लाल किला जनता के लिए बंद
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने लाल किला परिसर को अगले आदेश तक बंद कर दिया है।
आर्मी की टीम और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने इलाके को घेर लिया है।
वहीं, एफएसएल और दिल्ली पुलिस की विशेष टीमों के साथ अन्य जांच एजेंसियां भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।
यह धमाका सोमवार शाम करीब 7 बजे हुंडई i20 कार में हुआ था, जिसने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






