नई दिल्ली: दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट के बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। राजधानी में खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और निगरानी बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या लावारिस वस्तु की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने को दें या 112 पर कॉल करें।
पुलिस ने कहा, “आप हमारी आंख और कान हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देकर आप दिल्ली को सुरक्षित और मजबूत बनाने में हमारी मदद कर सकते हैं। आइए, मिलकर एक सुरक्षित दिल्ली सुनिश्चित करें।”
भोगल में संदिग्ध गाड़ी से मचा हड़कंप
दक्षिण-पूर्वी जिले की पुलिस के अनुसार, भोगल इलाके में एक नागरिक ने जम्मू-कश्मीर नंबर प्लेट वाली संदिग्ध कार की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि कार में सिर्फ कालीन थे और मालिक की पहचान व सत्यापन के बाद वाहन को जाने दिया गया। पुलिस ने बताया कि गाड़ी में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस ने जताई नागरिकों की सतर्कता की सराहना
दिल्ली पुलिस ने कहा कि राजधानी की सुरक्षा में जनता की सतर्कता बेहद अहम है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे चौकन्ने रहें और किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तुरंत साझा करें।
धमाके में नया खुलासा: उमर चला रहा था कार
दिल्ली ब्लास्ट मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, जिस कार में सोमवार शाम लाल किले के पास धमाका हुआ था, उसे डॉ. उमर चला रहा था। इस विस्फोट में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई और 20 से अधिक लोग घायल हुए।
डॉ. उमर हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह मेडिकल कॉलेज में कार्यरत था और एक व्यापक आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा हुआ था। सीसीटीवी फुटेज से यह लगभग पुष्टि हो चुकी है कि विस्फोट वाली कार वही चला रहा था। सूत्रों के अनुसार, हाल के हफ्तों में सुरक्षा एजेंसियों के दबाव के चलते उमर ने कई बार अपना ठिकाना बदला था।






