नई दिल्ली: लाल किला धमाके की जांच में दिल्ली पुलिस को आतंकी मोहम्मद उमर के दिल्ली में घूमने के पुख्ता सबूत मिले हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उमर के करीब 50 लोकेशनों के सीसीटीवी फुटेज जांच टीम के पास हैं। इनमें साफ दिखाई दे रहा है कि फरीदाबाद से दिल्ली में घुसने के बाद उसने लगभग आधी दिल्ली का चक्कर लगाया।
पुलिस की मैपिंग के अनुसार, 10 नवंबर को दोपहर 3 बजे से पहले उमर ने दिल्ली के कई इलाकों में अपनी गाड़ी घुमाई। शुरुआत में वह फरीदाबाद से साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट में आया, फिर ईस्ट दिल्ली, उसके बाद सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की रिंग रोड और फिर नॉर्थ दिल्ली पहुंचा। वहां से वह नॉर्थ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के अशोक विहार गया, जहां उसने कुछ देर रुककर खाना खाया। इसके बाद वह दोबारा सेंट्रल दिल्ली लौटा, एक मस्जिद गया और फिर सीधे लाल किला पार्किंग पर पहुंचा।
दिल्ली में किन-किन जगहों पर दिखा उमर?
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे उमर बदरपुर में भी दिखाई दिया था। इसके अलावा उसे आसिफ अली रोड पर पैदल चलते हुए भी कैमरे में कैद किया गया। इसके बाद वह कनॉट प्लेस से कार लेकर लाल किला पहुंचा।
धमाके से कुछ घंटे पहले तक उमर ईस्ट, नॉर्थ और सेंट्रल दिल्ली के कई इलाकों में घूमता रहा। पुलिस ने पुष्टि की है कि उमर को तुर्कमान गेट मस्जिद के पास लगे सीसीटीवी में भी देखा गया था।
विस्फोट के समय वही चला रहा था कार
जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि लाल किले के पास हुए धमाके में इस्तेमाल कार खुद उमर चला रहा था।
डीएनए टेस्ट रिपोर्ट से यह पुष्टि हो चुकी है कि विस्फोट स्थल से मिले मानव अवशेषों का डीएनए मोहम्मद उमर से मेल खाता है।
आतंकी नेटवर्क की अहम कड़ी था उमर
मोहम्मद उमर “व्हाइट कॉलर नेटवर्क” नामक आतंकी मॉड्यूल का अहम सदस्य था। वह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के कोइल गांव का रहने वाला था।
दिल्ली पुलिस ने हाल ही में प्रतिबंधित आतंकी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए 3 डॉक्टरों समेत 8 आतंकियों को गिरफ्तार किया था।
इसी के कुछ घंटे बाद सोमवार शाम लाल किले के पास विस्फोट हुआ, जिसमें उमर की भूमिका की अब पुष्टि हो चुकी है।



