नई दिल्ली: 10 नवंबर की शाम हुए दिल्ली ब्लास्ट केस से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है। फिदायीन हमलावर उमर का ब्लास्ट से पहले का एक एक्सक्लूसिव वीडियो सामने आया है, जिसमें वह सुसाइड बॉम्बर के बारे में जानकारी देता दिखाई दे रहा है।
वीडियो कब का है?
इंडिया टीवी के संवाददाता अभय पाराशर के अनुसार, यह वीडियो दिल्ली ब्लास्ट से ठीक पहले का माना जा रहा है। उमर के साथी 8 नवंबर को गिरफ्तार हो चुके थे, जिसके बाद उसे अंदाजा लग गया था कि उसकी गिरफ्तारी भी जल्द होने वाली है। इसी वजह से उसने यह वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो अंग्रेज़ी में है और उमर इसमें सुसाइड बॉम्बर को लेकर अपनी सोच जाहिर कर रहा है।
अभय पाराशर ने बताया कि यह वीडियो 10 नवंबर को हुए धमाके से एक या दो दिन पहले का हो सकता है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वीडियो नूंह के उस रूम का है जहाँ उमर छिपा था, या फिर अल-फलाह यूनिवर्सिटी का। दिल्ली ब्लास्ट कैसे हुआ, इसकी जांच जारी है। उमर के साथियों की गिरफ्तारी के बाद जब उनके गैजेट्स की जांच की गई, तो यही वीडियो बरामद हुआ।
अल-फला ग्रुप पर सुबह-सुबह बड़ी कार्रवाई
इसी बीच एक और बड़ी खबर यह है कि आज सुबह अल-फला ग्रुप के 25 से अधिक ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की है। दिल्ली-एनसीआर में करीब 5:15 बजे शुरू हुई इस संयुक्त कार्रवाई में वित्तीय अनियमितताओं, शेल कंपनियों के इस्तेमाल, संदिग्ध ट्रांजैक्शंस और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, Al-Falah Trust और उससे जुड़े कई संस्थानों की भूमिका खंगाली जा रही है। साथ ही, ग्रुप में वित्त और प्रशासन संभालने वाले अहम लोगों से भी पूछताछ जारी है।






