राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुए कार ब्लास्ट मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। घटना के बाद बड़ी संख्या में संदिग्धों की गिरफ्तारी के बीच अब नए खुलासे सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद भारत के खिलाफ ‘फिदायीन दस्ता’ तैयार करने में जुटा है और इसके लिए तेज़ी से फंड इकट्ठा कर रहा है। जांच में डिजिटल हवाला के माध्यम से फंडिंग होने के संकेत मिले हैं।
महत्वपूर्ण सुराग एजेंसियों के हाथ लगे
लाल किला कार ब्लास्ट की जांच कर रही एजेंसियों को कुछ अहम सबूत मिले हैं। जानकारी के मुताबिक, जैश-ए-मोहम्मद भारत में फिदायीन हमला करने की तैयारी में है और इसके लिए बड़े पैमाने पर फंडिंग जुटाई जा रही है। डिजिटल हवाला लेनदेन से संबंधित दस्तावेज और गतिविधियों का खुलासा हुआ है। बता दें कि जैश-ए-मोहम्मद का सरगना मौलाना मसूद अजहर भारत में कई आतंकी हमलों का जिम्मेदार माना जाता है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जैश के कई ठिकानों पर कार्रवाई भी की गई थी।
पाकिस्तान के ऐप से हो रही है फंडिंग
सूत्रों का दावा है कि जैश-ए-मोहम्मद पाकिस्तान के डिजिटल ऐप ‘Sadapay’ सहित अन्य ई-वॉलेट्स के जरिए डोनेशन जुटा रहा है। इसका उद्देश्य डिजिटल हवाला को सुगम बनाना और फंड को आतंकी नेटवर्क तक तेजी से पहुंचाना है। एजेंसियां इस डिजिटल फंडिंग चैन, महिलाओं की सहभागिता और संबंधित नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।






