Home » ताजा खबर » “बिहार में नीतीश कुमार की वापसी, 10वीं बार CM पद की शपथ”

“बिहार में नीतीश कुमार की वापसी, 10वीं बार CM पद की शपथ”

पटना के गांधी मैदान में गुरुवार को आयोजित भव्य समारोह में जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। 74 वर्षीय नीतीश कुमार पहली बार वर्ष 2000 में मुख्यमंत्री बने थे, हालांकि तब उनकी सरकार सिर्फ आठ दिन चली थी। इसके बाद 2005 से 2014 तक उन्होंने लगातार मुख्यमंत्री पद संभाला। 2014 में लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया, लेकिन कुछ ही महीनों में वे फिर सत्ता में लौट आए। जनवरी 2024 में नीतीश कुमार ने एनडीए में वापसी के बाद पिछली बार शपथ ली थी।

दो डिप्टी सीएम: सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा
समारोह में बीजेपी के सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। दोनों पिछली सरकार में भी डिप्टी सीएम थे। इसी के साथ लखेंद्र कुमार रौशन, श्रेयसी सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह, दीपक प्रकाश, लेसी सिंह, नितिन नबीन, मदन साहनी, राम कृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन, सुनील कुमार, मोहम्मद जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद और रमा निषाद ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रावण कुमार, मंगल पांडे, डॉ. दिलीप जायसवाल और अशोक चौधरी भी नए मंत्रिमंडल में शामिल किए गए।

शपथ समारोह में बड़े नेताओं की मौजूदगी
नीतीश कुमार की शपथ के दौरान कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और एनडीए के शीर्ष नेता मंच पर उपस्थित थे। वहीं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर धामी, गुजरात के भूपेंद्र पटेल, गोवा के प्रमोद सावंत, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू, राजस्थान के भजनलाल शर्मा और महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस भी समारोह में शामिल हुए।
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने उन्हें 10वीं बार शपथ लेने पर बधाई देते हुए कहा कि जनता ने सरकार पर उम्मीद से अधिक विश्वास जताया है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This