भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा भव्य शाही रात्रिभोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्हें विशेष रूप से तैयार किया गया शुद्ध शाकाहारी व्यंजन परोसा गया, जिसमें भारतीय क्षेत्रों की समृद्ध पाक परंपराओं का सुंदर संगम दिखाई दिया। अब इस राजकीय मेन्यू की पूरी लिस्ट भी सामने आ गई है।
दून चेतिन, अचारी बैंगन और पीली दाल तड़का की विशेष प्रस्तुति
रात्रिभोज में पुतिन को मशरूम और कश्मीरी अखरोट की चटनी से तैयार ‘गुच्ची दून चेतिन’, अचारी बैंगन और पीली दाल तड़का सहित कई पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। विभिन्न क्षेत्रों के इन व्यंजनों ने भारतीय थाली की क्षेत्रीय विविधता को खूबसूरती से प्रदर्शित किया। यह भोज उनकी यात्रा का अंतिम कार्यक्रम था, जिसके बाद वह मॉस्को रवाना हो गए।
मिठाइयों में बादाम का हलवा और केसर-पिस्ता कुल्फी
डिनर में बंगाल की प्रसिद्ध मिठाई ‘गुड़ संदेश’, दक्षिण भारतीय स्नैक ‘मुरुक्कू’ और कई अन्य पारंपरिक आइटम शामिल थे। मिठाई के रूप में बादाम का हलवा, केसर-पिस्ता कुल्फी, ताजे फल और पारंपरिक अचार- सलाद भी परोसे गए। पुतिन को अनार, संतरा, गाजर और अदरक के जूस जैसे स्वास्थ्यवर्धक पेय भी दिए गए।
लच्छा पराठा और मगज नान सहित कई भारतीय ब्रेड्स
मुख्य भोजन में सूखे मेवे व केसर से सजी करी, सुगंधित पुलाव के साथ लच्छा पराठा और मगज नान जैसी विविध भारतीय रोटियां शामिल थीं। दिल्ली की सर्द शाम को ध्यान में रखते हुए भोजन का समापन गरम बादाम के हलवे से किया गया।
संगीत में भारतीय और रूसी धुनों का मेल
रात्रिभोज के दौरान नौसेना बैंड और शास्त्रीय कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत, बॉलीवुड गीतों और रूसी रचनाओं का अनोखा मिश्रण प्रस्तुत किया। इससे दोनों देशों की सांस्कृतिक निकटता को रेखांकित किया गया।
फिल्मी गीत और रूसी लोकधुनों की शानदार प्रस्तुति
कार्यक्रम में नौसेना बैंड ने शाहरुख खान की फिल्म ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ के एक गीत की प्रस्तुति दी। साथ ही रूसी लोकधुनें और शास्त्रीय कलाकारों द्वारा सरोद, सारंगी और तबले पर शानदार प्रदर्शन भी हुआ। रूसी संगीतकार प्योत्र इलिच त्चैकोव्स्की को सम्मान देते हुए ‘द नटक्रैकर सुइट’ भी प्रस्तुत किया गया।






