भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की है कि भोपाल मेट्रो का संचालन 21 दिसंबर से शुरू किया जाएगा। सीएम ने यह जानकारी खजुराहो के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दी।
बता दें कि कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) पहले ही भोपाल मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर को मंजूरी दे चुके हैं।
क्या है पूरी जानकारी?
भोपाल को उसकी पहली मेट्रो रेल की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को प्रेस से बातचीत में बताया कि भोपाल मेट्रो का शुभारंभ 21 दिसंबर को किया जाएगा।
सीएम ने कहा, “21 तारीख को भोपाल में मेट्रो ट्रेन के साथ कई और विकास परियोजनाओं का लोकार्पण होगा।”
उन्होंने यह भी बताया कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष के समापन पर दो लाख करोड़ रुपये के औद्योगिक प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा।
CMRS ने दिया ग्रीन सिग्नल
मेट्रो रेल सेफ्टी कमिश्नर (CMRS) भोपाल मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर को पहले ही ‘ग्रीन सिग्नल’ दे चुके हैं।
कमिश्नर नीलाभ्र सेनगुप्ता के नेतृत्व में टीम ने 12 से 15 नवंबर के बीच डिपो, ट्रैक और ट्रेन का विस्तृत निरीक्षण किया था। जांच इतनी सूक्ष्म थी कि मेट्रो के नट-बोल्ट तक की गुणवत्ता परखा गया।
हालांकि, उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे या नहीं—इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लंबे इंतजार के बाद खुश हुई जनता
कई महीनों से भोपालवासी मेट्रो शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। तारीख घोषित होने के बाद लोगों में उत्साह बढ़ गया है। सीएम की घोषणा के बाद शहर में उम्मीद और खुशी का माहौल है कि मेट्रो अब तय समय पर शुरू हो जाएगी।






