Home » अंतर्राष्ट्रीय » फायरिंग कर रहे आतंकी को काबू में किया, हथियार छीना—कौन है सिडनी का हीरो?

फायरिंग कर रहे आतंकी को काबू में किया, हथियार छीना—कौन है सिडनी का हीरो?

Sydney Bondi Beach Terror Attack:
सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि इस भयावह घटना के बीच एक शख्स अपनी बहादुरी के कारण पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गया है। फायरिंग कर रहे आतंकी का डटकर सामना कर उसकी बंदूक छीनने वाले इस व्यक्ति की हर तरफ सराहना हो रही है। इस बहादुर शख्स की पहचान अहमद अल अहमद के रूप में हुई है, जो सिडनी के सदरलैंड इलाके में फलों की दुकान चलाते हैं।

यहूदी त्योहार के दौरान हुआ हमला

रविवार को बॉन्डी बीच पर यहूदी त्योहार हनुक्का के जश्न के दौरान हजारों लोग मौजूद थे। इसी बीच दो हथियारबंद हमलावरों ने अचानक भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस हमले में अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

कैसे छीनी हमलावर से बंदूक

गोलीबारी के बाद मची भगदड़ के बीच अहमद अल अहमद भी अपनी जान बचाने के लिए छिप गए थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अहमद एक कार के पीछे छिपे हुए नजर आते हैं। इसी दौरान उन्होंने साहस दिखाते हुए एक हमलावर को पीछे से पकड़ लिया। दोनों के बीच हाथापाई हुई, जिसमें अहमद हमलावर पर हावी हो गए और उसकी बंदूक छीन ली। अहमद ने छीनी गई बंदूक हमलावर की ओर तान दी, जिसके बाद वह घबराकर मौके से फरार हो गया। इस दौरान अहमद को दो गोलियां लगीं। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और हालत स्थिर बताई जा रही है।

पिता-पुत्र ने दिया हमले को अंजाम

न्यू साउथ वेल्स पुलिस के अनुसार, इस हमले को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी पिता और बेटे थे। पुलिस कमिश्नर मैल लैन्योन ने बताया कि 50 वर्षीय हमलावर को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया, जबकि उसका 24 वर्षीय बेटा घायल हो गया और अस्पताल में उसका इलाज जारी है। अधिकारियों के मुताबिक यह पिछले तीन दशकों में ऑस्ट्रेलिया की सबसे घातक गोलीबारी की घटनाओं में से एक है।

मृतकों की उम्र 10 से 87 साल

न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने बताया कि इस हमले में मारे गए लोगों की उम्र 10 से 87 वर्ष के बीच है। सोमवार सुबह तक कम से कम 42 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा था, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This