नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रस्तावित भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका (IND vs SA) अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच को रद्द कर दिया गया। इस फैसले को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने उत्तर भारत में बढ़ते वायु प्रदूषण पर सवाल उठाते हुए मैच के आयोजन स्थल को लेकर तंज कसा।
मैच रद्द होने से नाराज़ दिखे थरूर
शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि लखनऊ में क्रिकेट प्रेमी लंबे समय से IND vs SA मैच का इंतज़ार कर रहे थे, लेकिन घने कोहरे और 411 के AQI के कारण दृश्यता इतनी खराब हो गई कि मैच कराना संभव नहीं रह गया। उन्होंने सुझाव दिया कि यह मुकाबला तिरुवनंतपुरम में आयोजित किया जाना चाहिए था, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स लगभग 68 है और हालात कहीं बेहतर हैं।
नेटिज़न्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
थरूर के इस बयान पर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। एक यूजर ने लिखा कि दिसंबर के महीने में गुवाहाटी, लखनऊ, चंडीगढ़ और धर्मशाला जैसे शहरों में मैच कराना अव्यवहारिक है और सर्दियों में मुकाबले दक्षिण भारत में होने चाहिए।
वहीं, एक अन्य यूजर ने चिंता जताते हुए कहा कि हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब खेलों का शेड्यूल भी AQI के आधार पर तय करना पड़ रहा है, जो पर्यावरणीय नुकसान की गंभीर तस्वीर पेश करता है।
एक और यूजर ने इसे शेड्यूलिंग की चूक बताते हुए सुझाव दिया कि सर्दियों के सीज़न में मैचों के लिए दक्षिण और पश्चिम भारत के शहरों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।






