दिल्ली-NCR आधी रात से ही घने कोहरे की चपेट में है, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। कई इलाकों में दृश्यता पांच मीटर से भी नीचे दर्ज की गई है। सड़कों पर अंधेरा छाया हुआ है और ट्रैफिक की रफ्तार लगभग थम सी गई है। हालात ऐसे हैं कि वाहन पार्किंग लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से चलते नजर आए।
कोहरे के चलते नोएडा और गाजियाबाद में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इन दोनों जिलों में 1 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे।
दिल्ली में AQI 400 के पार
घने कोहरे के साथ प्रदूषण का स्तर भी खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया है। आनंद विहार और राजघाट जैसे क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। ऐसे में लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम और प्रदूषण की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
फ्लाइट और ट्रेन सेवाएं प्रभावित
कोहरे का सीधा असर हवाई और रेल यातायात पर भी पड़ा है। कम विजिबिलिटी के कारण 100 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि पांच ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन या फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें। वहीं, निजी वाहन से निकलने वालों को फॉग लैंप और पार्किंग लाइट का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई है।
दिल्ली आने वाली फ्लाइट्स डायवर्ट
दिल्ली में घने कोहरे के चलते हवाई सेवाएं लगभग ठप हो गई हैं। गोवा से दिल्ली आ रही एक फ्लाइट को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया, जबकि दिल्ली आने वाली अधिकांश उड़ानों को नजदीकी एयरपोर्ट जयपुर भेजा गया। जयपुर एयरपोर्ट पर बढ़े ट्रैफिक दबाव के चलते अब कुछ फ्लाइट्स को अहमदाबाद की ओर डायवर्ट किया जा रहा है।
IGI एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली के IGI एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है, “घने कोहरे के कारण फिलहाल CAT-III परिस्थितियों में फ्लाइट ऑपरेशन किए जा रहे हैं, जिसकी वजह से उड़ानों में देरी या कैंसिलेशन संभव है। हमारी ग्राउंड टीमें यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार काम कर रही हैं। असुविधा के लिए हमें खेद है।”






