भारत के अलग-अलग राज्यों में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। पुलिस बड़ी संख्या में ऐसे लोगों को हिरासत में लेकर उन्हें बांग्लादेश वापस भेज रही है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है।
अवैध रूप से रह रहे थे बांग्लादेशी नागरिक
दिल्ली में प्रस्तावित Special Intensive Revision (SIR) से पहले ही पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए यह कार्रवाई की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पकड़े गए सभी 20 बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से भारत में रह रहे थे। पुलिस ने इनके पास से कुछ भारतीय पहचान पत्र भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
दिल्ली में जल्द शुरू होगी SIR प्रक्रिया
भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से दिल्ली में जल्द ही वोटर लिस्ट का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR कराया जाना है। दिल्ली में यह प्रक्रिया तीसरे चरण में होगी। इससे पहले पहले चरण का SIR बिहार में कराया गया था, जबकि दूसरे चरण में देश के 12 राज्यों में यह अभियान चलाया गया है। फिलहाल यह प्रक्रिया विभिन्न राज्यों में जारी है।
बड़ी संख्या में नाम कटने की संभावना
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में पिछली बार SIR प्रक्रिया करीब 20 साल पहले हुई थी। लंबे समय से अपडेट न होने के कारण अब वोटर लिस्ट के व्यापक संशोधन की जरूरत बताई जा रही है। अन्य राज्यों के अनुभवों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि दिल्ली में भी लाखों नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में ऐसे नाम हो सकते हैं, जिनके धारक अब जीवित नहीं हैं।






