संसद का बजट सत्र 2026: 28 जनवरी से 2 अप्रैल तक चलेगा सत्र, रविवार को पेश होगा बजट
संसद का बजट सत्र 2026 आगामी 28 जनवरी 2026 से शुरू होकर 2 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार की सिफारिश पर माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों को इस अवधि के लिए बुलाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
बजट सत्र को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। इसका पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी 2026 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च 2026 से शुरू होकर 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इस दौरान संसद में अहम विधायी कार्यों के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक और सार्थक बहस होने की उम्मीद है।
रविवार को पेश होगा केंद्रीय बजट 2026
केंद्रीय बजट 2026 की तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। परंपरा से हटकर इस बार वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2026 (रविवार) को केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट कार्यक्रम को संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति द्वारा अंतिम रूप दिया गया है।
गौरतलब है कि रविवार को बजट पेश किया जाना एक दुर्लभ घटना है। हालांकि 2017 में बजट को 28 फरवरी के बजाय 1 फरवरी को पेश करने की परंपरा शुरू की गई थी ताकि वित्तीय वर्ष (1 अप्रैल) की शुरुआत से पहले धन आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
प्रमुख तिथियां:
-
संसद का बजट सत्र: 28 जनवरी 2026 – 2 अप्रैल 2026
-
बजट सत्र का पहला चरण समाप्त: 13 फरवरी 2026
-
बजट सत्र का दूसरा चरण प्रारंभ: 9 मार्च 2026
-
आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 प्रस्तुत होगा: 29 जनवरी 2026
-
केंद्रीय बजट 2026-27 पेश होगा: 1 फरवरी 2026 (रविवार)
यह बजट सत्र देश की आर्थिक दिशा तय करने के साथ-साथ जन-केंद्रित शासन को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।






