नई दिल्ली: देश के प्रसिद्ध बॉलीवुड और पंजाबी सिंगर बी प्राक को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। गैंग ने बी प्राक से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की है। यह धमकी सीधे बी प्राक को नहीं, बल्कि उनके करीबी साथी और पंजाबी सिंगर दिलनूर को फोन कॉल के जरिए दी गई।
जानकारी के मुताबिक, कॉल करने वाले ने खुद को आरजू बिश्नोई बताया और एक हफ्ते के भीतर 10 करोड़ रुपये देने की चेतावनी दी। धमकी में कहा गया कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो बी प्राक को गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। इस मामले को लेकर मोहाली में शिकायत दर्ज कराई गई है।
क्या है पूरा मामला?
पंजाबी सिंगर दिलनूर ने धमकी भरा कॉल मिलने के बाद SSP मोहाली के पास शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, कॉलर ने दिलनूर से कहा कि वह अपने दोस्त बी प्राक तक यह संदेश पहुंचा दें कि अगर तय समय में 10 करोड़ रुपये नहीं दिए गए, तो एक हफ्ते के भीतर बुरे नतीजे सामने आएंगे।
शिकायत में बताया गया कि 5 जनवरी को दिलनूर को एक विदेशी नंबर से दो मिस्ड कॉल आए थे, जिनका उन्होंने जवाब नहीं दिया। अगले दिन यानी 6 जनवरी को एक अन्य विदेशी नंबर से कॉल आया। बातचीत संदिग्ध लगने पर दिलनूर ने कॉल काट दिया। इसके तुरंत बाद उन्हें एक वॉइस मैसेज मिला, जिसमें रंगदारी की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
ऑडियो मैसेज में कथित तौर पर कहा गया कि “10 करोड़ रुपये दो, नहीं तो मिट्टी में मिला देंगे।” पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई देश का कुख्यात गैंगस्टर है, जो इस समय जेल में बंद है और वहीं से अपने नेटवर्क को संचालित करता है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी लॉरेंस बिश्नोई का नाम सामने आ चुका है।



