नई दिल्ली: दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में सुधार के बाद गुरुवार को GRAP-3 के तहत लागू पाबंदियों को हटा दिया गया। एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) ने जारी आदेश में बताया कि गुरुवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 332 दर्ज किया गया, जिसके बाद प्रतिबंधों में ढील देने का फैसला लिया गया। आयोग के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए AQI के ‘मध्यम’ से ‘खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है।
CAQM ने स्पष्ट किया कि दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत लागू स्टेज-3 प्रदूषण प्रतिबंधों को फिलहाल वापस लिया जा रहा है, क्योंकि हवा की स्थिति में सुधार देखने को मिला है।
वाहन चालकों को राहत, ट्रकों पर परेड के कारण बैन जारी
GRAP-3 लागू होने पर दिल्ली में ट्रक और भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी जाती है। अब पाबंदियां हटने से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। हालांकि गणतंत्र दिवस परेड के मद्देनज़र दिल्ली में ट्रकों और भारी वाहनों की एंट्री पर अलग से प्रतिबंध जारी रहेगा।
GRAP-3 के तहत लगने वाली पाबंदियां
GRAP-3 लागू होने पर कई सख्त कदम उठाए जाते हैं, जिनमें शामिल हैं—
-
निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर रोक
-
धूल या मिट्टी उड़ने वाली साइट्स को तत्काल बंद करना
-
ईंट भट्ठों, स्टोन क्रशर्स और हॉट मिक्स प्लांट्स पर प्रतिबंध
-
प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों पर रोक
-
दिल्ली में ट्रक और भारी वाहनों की एंट्री पर बैन
अब GRAP-3 हटने के बाद इन सभी गतिविधियों पर लगी पाबंदियां खत्म हो गई हैं। निर्माण कार्य दोबारा शुरू किए जा सकेंगे, जिससे दिहाड़ी मजदूरों को राहत मिलेगी। साथ ही निर्माण कार्य कराने वालों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई भी नहीं होगी।
दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली में बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई और AQI 313 रहा। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।






