नई दिल्ली: आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला नहीं होगा। पाकिस्तान सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में उनकी टीम मैदान पर नहीं उतरेगी। इस पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि भारत को शुरू से ही पाकिस्तान के साथ खेलने से इंकार कर देना चाहिए था।
मसूद ने कहा, “BCCI को देश के सम्मान के साथ समझौता नहीं करना चाहिए। जब हमने पहले एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को साइन किया था, तब बहुत विवाद हुआ था। फिर हम पाकिस्तान के साथ मैच क्यों खेलना चाहते हैं? भारत को पहले दिन से ही अपनी स्थिति साफ रखनी चाहिए थी।”
वहीं, कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने क्रिकेट और राजनीति के जुड़ाव की बात करते हुए पुराने दौर की याद दिलाई। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उदाहरण देते हुए बताया कि उस समय भी दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को रोकने की मांग उठी थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार इस मामले में देशहित को प्राथमिकता देते हुए सही निर्णय लेगी।
मैदान की स्थिति की बात करें तो भारतीय टीम इस समय शानदार फॉर्म में है। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत ने 4-1 से जीत हासिल की है। वहीं, आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड बेहद कमजोर रहा है।






