लोकसभा में आज से राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा, पीएम मोदी 4 फरवरी को देंगे जवाब
संसद का बजट सत्र शुरू हो चुका है। 1 फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 पेश किया, जिसमें कई बड़े ऐलान शामिल थे। अब संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होने जा रही है। सोमवार से लोकसभा में यह चर्चा शुरू होगी, इसके बाद राज्यसभा में भी चर्चा होगी।
पीएम मोदी कब देंगे जवाब?
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा में आज चर्चा की शुरुआत भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल करेंगे। सांसद तेजस्वी सूर्या प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। कुल 18 घंटे के लिए इस चर्चा का समय निर्धारित किया गया है। खबरों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संभवतः 4 फरवरी को सदन में जवाब देंगे। वहीं, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विपक्ष की ओर से पहले वक्ता होंगे। राज्यसभा में आज दोपहर 2 बजे बीजेपी के सदानंद मास्टर चर्चा का आरंभ करेंगे।
बजट सत्र की शुरुआत और समयावधि
संसद का बजट सत्र 28 जनवरी 2026 से शुरू हुआ। इस सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसदों को संबोधित किया। इसके बाद 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश किया। बजट सत्र 28 जनवरी 2026 से 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा और इसे दो चरणों में बांटा गया है। पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक और दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक चलेगा।






