Home » ताजा खबर » तांत्रिक कमरूदीन का काला खेल: जादू-टोने के बहाने फंसाता था लोग, बरामद हुए तंत्र-मंत्र के पन्ने और नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें

तांत्रिक कमरूदीन का काला खेल: जादू-टोने के बहाने फंसाता था लोग, बरामद हुए तंत्र-मंत्र के पन्ने और नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें

नई दिल्ली: पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर मामले की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी तांत्रिक कमरुद्दीन के पास से तंत्र-मंत्र लिखे कई पन्ने बरामद हुए हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि वह लोगों को जादू-टोने के नाम पर झांसे में लेता था। उसके घर के पास लोनी इलाके से मिले सीसीटीवी फुटेज में रणधीर, शिव नरेश और लक्ष्मी कार से उतरते दिखाई दिए हैं।

जांच के दौरान लक्ष्मी के मोबाइल फोन से कई लड़कियों की तस्वीरें मिलीं, जिनमें उनके हाथों में तंत्र-मंत्र लिखे बोर्ड नजर आ रहे थे। पुलिस के मुताबिक, कमरुद्दीन इन तस्वीरों के जरिए “धनवर्षा” और विशेष अनुष्ठान का दावा करता था। नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें मिलने के बाद जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं।

जांच में क्या सामने आया?

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता के फोन में कई महिलाओं और लड़कियों की तस्वीरें थीं, जिन्हें अलग-अलग ग्रुप्स और कॉन्टैक्ट्स में साझा किया गया था। आरोप है कि कमरुद्दीन अपने क्लाइंट्स से करीब दो लाख रुपये लेकर बड़े लाभ का वादा करता था। शक होने या परिणाम न मिलने पर वह तरह-तरह के बहाने बनाता था। वह बिना टांके सर्जरी करने जैसे दावे भी करता था और हर मुलाकात के लिए हजारों रुपये वसूलता था।

कार में मिले थे तीनों शव

8 फरवरी को रणधीर सिंह, शिव नरेश सिंह और लक्ष्मी देवी के शव पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी एक कार में मिले थे। पुलिस के अनुसार, कमरुद्दीन को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया और उसे पांच दिन की रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर सॉफ्ट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर अपने तीनों अनुयायियों को पिलाया था।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों व सबूतों की तलाश जारी है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This