भारतीय मनोरंजन जगत में फिल्मों के शीर्षक और कथानक को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज फिल्म घूसखोर पंडत को लेकर ब्राह्मण समाज के विरोध की खबरें सामने आई थीं। यह मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब उत्तर प्रदेश के संभल जिले में यादव जी की लव स्टोरी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। यादव समाज ने फिल्म की विषयवस्तु पर आपत्ति जताते हुए इसके प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है। संभल के अलावा फिरोजाबाद और मैनपुरी समेत कई जिलों में भी विरोध प्रदर्शन दर्ज किए गए हैं।
कहां-कहां हुआ विरोध?
फिल्म के खिलाफ शिकायत के आधार पर निर्माता संदीप तौमर, निर्देशक अंकित भडाना, अभिनेत्री प्रगति तिवारी और अभिनेता बिनाल मोहन सहित चार लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 253(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
मैनपुरी में यादव महासभा के सदस्यों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर फिल्म की रिलीज रोकने की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। वहीं फिरोजाबाद में भी मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की गई।
विवाद की वजह क्या है?
रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म की कहानी एक यादव युवक और मुस्लिम युवती के बीच प्रेम संबंधों पर आधारित बताई जा रही है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस प्रकार का चित्रण उनके समुदाय की छवि को ठेस पहुंचाता है और भावनाओं को आहत करता है। उनका कहना है कि फिल्म का शीर्षक और कथानक विशेष समुदाय को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
प्रशासन का रुख
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन सतर्क है। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है और कहा है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी पक्षों से शांति बनाए रखने और संयम बरतने की अपील की है।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन फिल्म की रिलीज को लेकर आगे क्या निर्णय होगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।







