होली से पहले दिल्ली सरकार राजधानीवासियों को बड़ी सौगात दे रही है। इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में चार अहम योजनाओं की शुरुआत की जा रही है। इन योजनाओं के तहत महिलाओं और बेटियों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ फ्री सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
1. लाडली योजना के तहत राशि ट्रांसफर
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित द्वारा शुरू की गई लाडली योजना के अंतर्गत 40 हजार से अधिक लाभार्थियों को करीब 100 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। यह राशि पंजीकृत बालिकाओं के खातों में भेजी जाएगी। जानकारी के अनुसार, यह भुगतान केंद्र सरकार की ‘मेरी पूंजी, मेरा अधिकार’ पहल के तहत किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 31 मार्च 2026 को लाडली योजना बंद हो जाएगी।
2. महिलाओं के लिए पिंक कार्ड
दिल्ली सरकार महिलाओं को DTC बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा के लिए ‘पिंक कार्ड’ जारी करेगी। इससे महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में आवागमन और आसान होगा।
3. होली-दीवाली पर फ्री गैस सिलेंडर
दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे के मुताबिक, सरकार होली और दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर देने की योजना लागू कर रही है। इस योजना के तहत करीब 17.5 लाख लाभार्थियों के खातों में लगभग 129 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
4. लखपति बिटिया योजना की शुरुआत
नई ‘लखपति बिटिया योजना’ के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) की बेटियों को जन्म से लेकर स्नातक तक अलग-अलग चरणों में कुल मिलाकर एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। यह योजना 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी और लाडली योजना का स्थान लेगी।
इन योजनाओं के जरिए सरकार ने होली से पहले महिलाओं और बेटियों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का संदेश दिया है।



