Home » ताजा खबर » ईरान जंग के बीच अमेरिका से खफा हुए कई खाड़ी देश

ईरान जंग के बीच अमेरिका से खफा हुए कई खाड़ी देश

Iran-US War: ईरान पर हमले को लेकर खाड़ी देशों में नाराजगी बढ़ गई है। गल्फ क्षेत्र के कई देशों का कहना है कि अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर ईरान पर हमला करने से पहले उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी। साथ ही ईरान की संभावित जवाबी कार्रवाई से निपटने के लिए उन्हें पर्याप्त समय और अमेरिकी मदद भी नहीं मिली।

अमेरिका-इजरायल के हमलों के बाद ईरान ने कई खाड़ी देशों की दिशा में मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। इस स्थिति से नाराज खाड़ी देशों के अधिकारियों ने कहा कि ईरान पर शुरुआती हमले की रणनीति और तरीके से वे संतुष्ट नहीं हैं, क्योंकि उनके देशों को पहले से कोई चेतावनी नहीं दी गई थी।

अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने अमेरिका को पहले ही आगाह किया था कि यह युद्ध पूरे खाड़ी क्षेत्र के लिए विनाशकारी साबित हो सकता है, लेकिन उनकी चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया गया। एक अधिकारी के मुताबिक, खाड़ी देशों में यह धारणा बन रही है कि इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य इजरायल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों की सुरक्षा था, जबकि क्षेत्रीय देशों को अपनी सुरक्षा के लिए काफी हद तक अकेला छोड़ दिया गया।

वहीं व्हाइट हाउस की प्रवक्ता एना केली ने दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमलों में लगभग 90 प्रतिशत की कमी आई है। उनके अनुसार ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के तहत ईरान के मिसाइल-ड्रोन लॉन्चर और हथियार बनाने की क्षमता को काफी नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप क्षेत्रीय साझेदारों के लगातार संपर्क में हैं।

हालांकि इस मामले में कुवैत, बहरीन और सऊदी अरब की सरकारों ने आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। खाड़ी देशों के अधिकारियों ने भी अपनी पहचान गुप्त रखने की शर्त पर ही यह जानकारी साझा की है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This