Home » ताजा खबर » दिल्ली में होली के दिन युवक की हत्या पर शिखर धवन की प्रतिक्रिया, बोले— “मानवता इतनी नीचे नहीं गिरनी चाहिए”

दिल्ली में होली के दिन युवक की हत्या पर शिखर धवन की प्रतिक्रिया, बोले— “मानवता इतनी नीचे नहीं गिरनी चाहिए”

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुई युवक की हत्या का मामला अभी भी गरमाया हुआ है। घटना को लेकर सियासी और सामाजिक प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। इस बीच AIMIM के एक नेता द्वारा आरोपी परिवार के समर्थन में दिए गए बयान और इसे सेल्फ डिफेंस का मामला बताने पर विवाद और बढ़ गया है। वहीं विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने मृतक तरुण खटीक को इंसाफ दिलाने के लिए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। पुलिस ने अब तक इस मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। इसी बीच भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है।

क्या बोले शिखर धवन?

होली के दौरान पानी के गुब्बारे को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद तरुण कुमार की कथित तौर पर घेरकर हत्या कर दी गई। इस घटना से लोगों में गुस्सा और दुख दोनों देखने को मिल रहे हैं। क्रिकेटर शिखर धवन ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा,
“उत्तम नगर में तरुण कुमार की दुखद मौत से गहरा दुख हुआ है। यह बेहद दर्दनाक है कि होली जैसे त्योहार के दौरान पानी का गुब्बारा फेंकने जैसी छोटी सी बात हिंसा में बदल सकती है। मानवता को इस स्तर तक कभी नहीं गिरना चाहिए। मैं उनके परिवार के लिए प्रार्थना करता हूं और उम्मीद करता हूं कि दोषियों को कड़ी सजा मिले।”

बड़े आंदोलन की चेतावनी

इस घटना को लेकर विश्व हिंदू परिषद समेत कई हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है। वीएचपी के कार्यकर्ता मृतक तरुण के परिवार से मिलने भी पहुंचे और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने सायरा नाम की उस महिला को भी गिरफ्तार किया है, जिस पर पानी के छींटे पड़ने के बाद विवाद शुरू होने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवार पिछले करीब 50 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे।

सोशल मीडिया पर भी नजर

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उत्तम नगर को लगभग छावनी में तब्दील कर दिया गया है। वहीं एमसीडी ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर के अवैध हिस्से को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
पुलिस पकड़े गए आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भड़काऊ पोस्टों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह या उकसावे वाली बातों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This