द हंड्रेड 2026 के आगामी सीजन के लिए 12 मार्च को हुए ऑक्शन में सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की टीम सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद को खरीदकर सबको चौंका दिया। ऑक्शन के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन भी मौजूद थीं और उन्होंने खुद अबरार अहमद के लिए बोली लगाई। अंत में टीम ने उन्हें 2.3 करोड़ रुपये (करीब 2,55,000 अमेरिकी डॉलर) में अपनी टीम में शामिल किया। हालांकि जैसे ही सनराइजर्स लीड्स ने द हंड्रेड 2026 के पहले ऑक्शन में पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदा, सोशल मीडिया पर इसको लेकर विवाद खड़ा हो गया।
सनराइजर्स लीड्स का X अकाउंट सस्पेंड
इस फैसले के बाद भारतीय क्रिकेट फैंस सोशल मीडिया पर सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की जमकर आलोचना कर रहे हैं। इसी बीच सनराइजर्स लीड्स का आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया। हालांकि अकाउंट सस्पेंड किए जाने की कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है। आमतौर पर X उन अकाउंट्स को सस्पेंड करता है जो उसके नियमों का उल्लंघन करते हैं। बताया जा रहा है कि ऑक्शन के बाद देर रात करीब 2 बजे फ्रेंचाइजी का X अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा
अबरार अहमद ‘द हंड्रेड’ में किसी भारतीय स्वामित्व वाली टीम द्वारा खरीदे गए पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें सनराइजर्स लीड्स ने 2.3 करोड़ रुपये में खरीदा। इस फैसले को लेकर भारत में कई क्रिकेट फैंस ने सोशल मीडिया पर टीम और काव्या मारन को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ फैंस का कहना है कि पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदना देश की भावनाओं के खिलाफ है। अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या फ्रेंचाइजी आगे चलकर अबरार अहमद को रिलीज करेगी या नहीं।
कोच डेनियल विटोरी ने बताई वजह
ऑक्शन से पहले यह खबरें सामने आई थीं कि भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी ‘द हंड्रेड’ के ऑक्शन में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं खरीदेंगी। यहां तक कि संभावित ‘शैडो बैन’ की चर्चाएं भी थीं। हालांकि सनराइजर्स के कोच डेनियल विटोरी ने अबरार अहमद को खरीदने के फैसले का बचाव किया। उन्होंने बताया कि साल की शुरुआत में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से अबरार के प्रदर्शन को लेकर राय ली थी और उसी आधार पर उन्हें टीम में शामिल करने का फैसला किया गया। विटोरी ने यह भी साफ किया कि फ्रेंचाइजी के अंदर पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खरीदने या न खरीदने को लेकर कोई विशेष बैठक नहीं हुई थी।



