केरल विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने 37 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी और अंतिम सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही पार्टी ने साफ कर दिया है कि इस बार किसी भी लोकसभा सांसद को टिकट नहीं दिया जाएगा। सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान और सांसदों की मांगों के बावजूद जारी सूची में किसी भी सांसद को जगह नहीं मिली है।
पार्टी 140 सदस्यीय विधानसभा में 92 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि तीन सीटों पर वह कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के बागी नेताओं का समर्थन करेगी। इससे पहले कांग्रेस 55 उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। टिकट की मांग कर रहे सांसदों में के. सुधाकरन (कन्नूर) और अडूर प्रकाश (कोन्नी) शामिल थे, लेकिन दोनों को निराशा हाथ लगी। कन्नूर से टी. ओ. मोहनन और कोन्नी से प्रोफेसर सतीश कोच्चरम्बील को उम्मीदवार बनाया गया है।
अंबलपुझा, तलिपरम्बु, पय्यनूर और ओट्टपालम सीटों पर अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किए गए हैं, जहां सीपीएम के बागी नेता मैदान में हैं। कांग्रेस ने त्रिपुनिथरा और पेरुंबावूर को छोड़कर अपने ज्यादातर मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया है। पेरुंबावूर में मौजूदा विधायक एल्डोज कुन्नापिल्ली को खराब प्रदर्शन के चलते टिकट नहीं दिया गया और उनकी जगह मनोज मूथेदान को उतारा गया है।
त्रिपुनिथरा में के. बाबू की जगह दीपक जाय को टिकट मिला है, जबकि कुट्टनाड से निर्दलीय चुनाव लड़ने की चेतावनी देने वाले साजी जोसेफ को पूंजार सीट से मैदान में उतारा गया है। युवा कांग्रेस नेता अबिन वर्गीज अरनमुला सीट से कुम्मनम राजशेखरन के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। वहीं नेमम सीट पर राजीव चंद्रशेखर के मुकाबले पार्टी ने युवा नेता और पूर्व विधायक के. एस. सबरीनाथन को उतारा है।
इसके अलावा, कांग्रेस में हाल ही में शामिल हुए पूर्व भाजपा नेता संदीप वारियर को कासरगोड के त्रिकारिपुर से टिकट दिया गया है।



