नई दिल्ली: वर्ल्ड हेलमेट डे के अवसर पर राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करते हुए उनका चालान किया गया और साथ ही मौके पर ही उन्हें हेलमेट पहनाकर जागरूक भी किया गया।
सरिता विहार इलाके में रेड लाइट पर ट्रैफिक पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे चालकों को रोका गया और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर उनका चालान किया गया। खास बात यह रही कि चालान के बाद चालकों को वहीं पर हेलमेट भी वितरित किए गए।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाया कि हेलमेट सिर्फ चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। कई लोगों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए आगे से हेलमेट पहनने का संकल्प लिया। इस दौरान कुछ महिलाएं भी बिना हेलमेट बाइक पर सवार मिलीं, जिन्हें भी हेलमेट देकर जागरूक किया गया।
वहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर जानकारी दी कि वर्ल्ड हेड इंजरी डे के मौके पर सदर्न रेंज के ट्रैफिक स्टाफ ने मैक्स हॉस्पिटल के डॉक्टरों के साथ मिलकर चिराग दिल्ली चौराहे पर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया चालकों को बेहतर गुणवत्ता वाले हेलमेट वितरित किए गए और सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोट के गंभीर खतरे के बारे में बताया गया।
मैक्स हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने लोगों को प्रमाणित हेलमेट के महत्व और दुर्घटना की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता की जरूरत पर भी जानकारी दी। इस अभियान का नेतृत्व एसीपी ट्रैफिक (साउथ डिस्ट्रिक्ट) ने किया, जिसमें डिफेंस कॉलोनी, हौज खास, साकेत, महरौली और संगम विहार के ट्रैफिक इंस्पेक्टर भी शामिल रहे।



