Home » ताजा खबर » दिल्ली बजट 2026: सत्र के पहले ही दिन AAP विधायकों का जोरदार विरोध, जानें पूरा मामला

दिल्ली बजट 2026: सत्र के पहले ही दिन AAP विधायकों का जोरदार विरोध, जानें पूरा मामला

दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र आज खीर सेरेमनी के साथ शुरू हो गया। यह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार का दूसरा बजट सत्र है, और 24 मार्च को मुख्यमंत्री अपना दूसरा वार्षिक बजट पेश करेंगी। हालांकि, सत्र के पहले ही दिन 23 मार्च को आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक विरोध प्रदर्शन में उतर गए।

AAP विधायकों का यह प्रदर्शन उनके चार विधायकों का निलंबन रद्द न किए जाने के विरोध में है। बजट सत्र के दौरान भी सस्पेंशन जारी रहने से नाराज़ सभी विधायक सड़क पर उतर आए हैं।

दरअसल, पिछले विधानसभा सत्र में सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में AAP के चार विधायकों—संजीव झा, कुलदीप कुमार, जरनैल सिंह और सोमदत्त—को निलंबित कर दिया गया था। चूंकि पिछला सत्र औपचारिक रूप से समाप्त नहीं हुआ था, इसलिए उनका सस्पेंशन अब तक जारी है।

इस मुद्दे पर दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि विधानसभा में सत्ता और विपक्ष दोनों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक साल में भाजपा ने विपक्ष की आवाज दबाने का काम किया है। आतिशी ने कहा कि जैसे ही विपक्ष के विधायक जनहित के मुद्दे उठाते हैं, उन्हें सदन से बाहर कर दिया जाता है।

उन्होंने आगे कहा कि AAP के चार विधायकों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है और अब उन्हें बजट सत्र में भी हिस्सा लेने से रोका जा रहा है। उनका कहना था कि अगर विपक्ष को सदन में प्रवेश और बोलने का अधिकार ही नहीं दिया जाएगा, तो फिर विधानसभा सत्र बुलाने का क्या मतलब है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This