PM Modi Puducherry Roadshow: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे, जहां उन्होंने भव्य रोड शो कर जनता का अभिवादन किया। करीब 1.2 किलोमीटर लंबे इस रोड शो में NDA के कई नेता उनके साथ नजर आए। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने और समर्थन जताने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े।
NDA के समर्थन में की अपील
पुडुचेरी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पीएम मोदी अजंता सिग्नल जंक्शन पहुंचे, जहां से उनका रोड शो शुरू हुआ। अन्ना सलाई से गुजरते हुए यह रोड शो करीब 1.2 किलोमीटर का सफर तय कर कामराज प्रतिमा के पास समाप्त हुआ। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बातचीत की और NDA के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
हजारों की भीड़ और कड़ी सुरक्षा
रोड शो में हजारों लोग शामिल हुए। पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अर्धसैनिक बलों के साथ 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहे और भीड़ नियंत्रण के लिए पूरे रास्ते बैरिकेडिंग की गई थी।
सीट बंटवारा और चुनावी समीकरण
पुडुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 10 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी का गठबंधन अखिल भारतीय एन.आर. कांग्रेस के साथ है। NDA के तहत AINRC 16 सीटों, AIADMK 2 सीटों और लचिया जननायक काची 2 सीटों पर चुनाव मैदान में हैं। पुडुचेरी में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है।



