West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को सामने आ रहे हैं। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार करती नजर आ रही है, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पीछे चल रही है। अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो भाजपा पहली बार राज्य में सरकार बना सकती है। वहीं, करीब 15 साल बाद TMC और सीएम ममता बनर्जी की सत्ता से विदाई तय मानी जा रही है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा। आइए जानते हैं उन प्रमुख नेताओं के बारे में जो इस रेस में आगे माने जा रहे हैं—
सुवेंदु अधिकारी
सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भाजपा के सबसे आक्रामक और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। वह नंदीग्राम सीट से विधायक हैं और 2026 के चुनाव में नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर से भी मैदान में हैं। पहले TMC में रहे सुवेंदु अधिकारी ने 2021 में ममता बनर्जी को नंदीग्राम से हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया था। वर्तमान में वह विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं और सीएम पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं।
दिलीप घोष
दिलीप घोष भाजपा के अनुभवी नेताओं में शामिल हैं और राज्य अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत RSS प्रचारक के रूप में की थी। 2016 में खड़गपुर सदर से विधायक बने और 2019 में मेदिनीपुर से सांसद चुने गए। 2026 में वह फिर खड़गपुर सदर से चुनाव लड़ रहे हैं। संगठन और जमीनी पकड़ के कारण वह सीएम पद के मजबूत दावेदार हैं।
सुकांत मजूमदार
डॉ. सुकांत मजूमदार बालुरघाट से दो बार के सांसद हैं और केंद्र सरकार में राज्य मंत्री भी हैं। वह पहले पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं और पार्टी नेतृत्व के करीबी माने जाते हैं। शिक्षाविद पृष्ठभूमि के साथ उनका राजनीतिक अनुभव उन्हें सीएम पद की रेस में एक मजबूत नाम बनाता है।
अग्निमित्रा पॉल
अग्निमित्रा पॉल भाजपा की प्रमुख महिला नेताओं में से एक हैं। राजनीति में आने से पहले वह कोलकाता में फैशन डिजाइनर थीं। वर्तमान में आसनसोल दक्षिण से विधायक हैं और 2026 में फिर इसी सीट से चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा महिला मोर्चा की जिम्मेदारी संभाल चुकीं अग्निमित्रा पॉल भी मुख्यमंत्री पद की संभावित दावेदारों में शामिल हैं।
रूपा गांगुली
रूपा गांगुली एक जानी-मानी अभिनेत्री रही हैं, जिन्हें ‘महाभारत’ में द्रौपदी के किरदार से खास पहचान मिली। वह राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं और भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। 2026 चुनाव में वह सोनारपुर दक्षिण से उम्मीदवार हैं। यदि पार्टी महिला मुख्यमंत्री का विकल्प चुनती है, तो रूपा गांगुली का नाम प्रमुख दावेदारों में हो सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि अगर पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनाती है, तो मुख्यमंत्री की कुर्सी किस नेता के हिस्से आती है।




