भोपाल: पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ झालमुड़ी का आनंद लिया और इस दौरान विपक्ष पर तीखा हमला भी बोला। उन्होंने विपक्ष की मौजूदा स्थिति के लिए नारी शक्ति के अपमान और देश को बांटने वाली राजनीति को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही इस जीत को उन्होंने भगवान महाकाल का आशीर्वाद और देशभक्तों की विजय बताया।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि असम में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है और पश्चिम बंगाल में भी इस बार पार्टी को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने इसका श्रेय नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को देते हुए कहा कि जनता उनकी नीतियों से प्रभावित है और अलगाववाद व घुसपैठ के खिलाफ अपना स्पष्ट रुख दिखा चुकी है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ जनता के आक्रोश का भी जिक्र किया।
सीएम ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की ताकत देशभर में बढ़ रही है और यह उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी दलों ने नारी शक्ति का मजाक उड़ाया और समाज को बांटने की कोशिश की, जिसका जवाब जनता ने चुनाव में दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए लगातार मजबूत हो रहे हैं और अब यह गठबंधन अपने पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ने की ओर बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, पहले एनडीए की 21 सरकारें थीं और अब पश्चिम बंगाल को जोड़कर यह संख्या 22 तक पहुंच सकती है।
बंगाल के विकास पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य कभी प्रगति के लिए जाना जाता था, लेकिन पहले कांग्रेस, फिर वामपंथी दलों और बाद में तृणमूल कांग्रेस के शासन में इसे नुकसान हुआ। उन्होंने विश्वास जताया कि अब भाजपा की जीत के साथ पश्चिम बंगाल में विकास की नई लहर आएगी। अंत में उन्होंने इस जनादेश के लिए जनता का आभार व्यक्त किया और इसे देशहित में लिया गया फैसला बताया।




