नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में IPL मैच देखकर लौट रहे दो दोस्तों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास फ्लाईओवर के पास देर रात हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान हेमंत तिवारी और रोहित उर्फ सोनू के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
कुछ दिन पहले भी हुआ था ऐसा ही हादसा
दिल्ली में इससे पहले भी IPL मैच देखकर लौट रहे युवकों की जान सड़क हादसे में जा चुकी है। 28 अप्रैल को अशोक रोड पर हुए एक हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई थी। दोनों युवक मैच देखकर घर लौट रहे थे।
बताया गया कि रात करीब 10:30 बजे छोटा भाई अभव अपने पिता से फोन पर बात कर रहा था और कह रहा था कि वे आधे घंटे में घर पहुंच जाएंगे। लेकिन इसी दौरान हादसा हो गया और दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में मामला हिट एंड रन का माना गया था।
CCTV फुटेज से खुला मामला
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय यज्ञ भाटिया और उसके 14 वर्षीय छोटे भाई अभव भाटिया के रूप में हुई थी। यज्ञ बीएससी का छात्र था, जबकि अभव स्कूल में पढ़ाई कर रहा था।
घटना के बाद पुलिस ने जिला अपराध टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया था। शवों को RML अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर हादसे में शामिल ट्रक की पहचान कर ली गई थी। बाद में फरार ट्रक चालक को बिहार से गिरफ्तार किया गया।




