Home » ताजा खबर » “शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा: बिहार और यूपी से 3 आरोपी गिरफ्तार”

“शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा: बिहार और यूपी से 3 आरोपी गिरफ्तार”

पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूत्रों के अनुसार, बंगाल पुलिस की एसआईटी ने बिहार के बक्सर और उत्तर प्रदेश से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और इस सनसनीखेज हत्याकांड में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

ऐसे पकड़े गए आरोपी

एसआईटी सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान एक आरोपी द्वारा टोल प्लाजा पर किए गए ऑनलाइन यूपीआई पेमेंट से पुलिस को अहम सुराग मिला। इसी इनपुट के आधार पर बिहार के बक्सर में छापेमारी कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया, जबकि यूपी के बलिया से तीसरे आरोपी को पकड़ा गया। देर रात तीनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल लाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

क्या है पूरा मामला?

6 मई की रात चंद्रनाथ रथ की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वे नॉर्थ 24 परगना स्थित अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद राज्य की राजनीति में हलचल मच गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान मयंक शर्मा, विक्की सिंह मौर्य और राज सिंह के रूप में हुई है। एसआईटी सूत्रों का दावा है कि इन्हीं तीनों ने मिलकर इस हत्याकांड की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।

कई एंगल पर जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस हत्या के पीछे राजनीतिक दुश्मनी थी या कोई निजी रंजिश। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि किसने रेकी की, किसने गोली चलाई और फरारी के दौरान आरोपियों की मदद किसने की। पूछताछ पूरी होने के बाद एसआईटी इस मामले में आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर सकती है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post