NEET UG पेपर लीक मामले को लेकर सुपर-30 के संस्थापक Anand Kumar की प्रतिक्रिया सामने आई है। इंडिया टीवी डिजिटल से बातचीत में आनंद कुमार ने कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक घटना है। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों और अभिभावकों को निश्चित रूप से निराशा हुई है, लेकिन राहत की बात यह है कि सरकार ने परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है।
आनंद कुमार ने छात्रों और उनके माता-पिता से अपील करते हुए कहा कि इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे निराश होने के बजाय नए उत्साह, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ फिर से तैयारी में जुट जाएं।
उन्होंने कहा, “मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि यह भरोसा रखना चाहिए कि उनका परिश्रम जरूर रंग लाएगा। हर चुनौती अपने साथ एक नया अवसर भी लेकर आती है। ऐसे समय में मानसिक रूप से मजबूत रहना सबसे जरूरी है।”
सुपर-30 के संस्थापक ने सरकार से भी मांग की कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और छात्रों का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे। उन्होंने यह भी कहा कि यह सकारात्मक बात है कि कथित गड़बड़ी से जुड़े आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
गौरतलब है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित हुई NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दिया था। एजेंसी ने बताया कि दोबारा परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। इस वर्ष देशभर में लगभग 22 लाख छात्रों ने NEET-UG परीक्षा दी थी, जो मेडिकल कॉलेजों में अंडरग्रेजुएट दाखिले का प्रमुख माध्यम है।






