देश की राजधानी दिल्ली से एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, एक प्राइवेट बस में महिला के साथ कथित गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िता की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आइए जानते हैं इस मामले में अब तक क्या-क्या जानकारी सामने आई है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, जिस बस में महिला के साथ गैंगरेप की घटना हुई, वह एक प्राइवेट बस थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बस के ड्राइवर और कंडक्टर बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला को रानी बाग इलाके से बस में बैठाया था। इसके बाद उसे नांगलोई इलाके में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। मामले में रानी बाग थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि यह घटना करीब दो दिन पहले हुई थी। पीड़िता शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। महिला का मेडिकल करवाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। बताया जा रहा है कि वारदात में इस्तेमाल बस का रजिस्ट्रेशन बिहार का है।
महिला की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, घटना में इस्तेमाल की गई बस को भी कब्जे में ले लिया गया है।






