अगर आप रोजमर्रा की जरूरतों के लिए Zomato, Swiggy, Blinkit और Zepto जैसे ऑनलाइन डिलीवरी ऐप्स पर निर्भर हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों के विरोध में गिग वर्कर्स यानी डिलीवरी पार्टनर्स शनिवार, 16 मई को 5 घंटे की हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक इन प्लेटफॉर्म्स की डिलीवरी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
हड़ताल के चलते ऐप पर किए गए ऑर्डर्स डिलीवरी एजेंट्स तक नहीं पहुंच पाएंगे, जिससे ग्राहकों को देरी या असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। खासकर दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई, पुणे और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है, जहां बड़ी संख्या में लोग खाने और ग्रॉसरी के लिए इन ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं।
हालांकि, राहत की बात यह है कि हड़ताल का समय दोपहर का रखा गया है, जब आमतौर पर ऑर्डर्स की संख्या अपेाकृत कम होती है। यदि यह विरोध प्रदर्शन सुबह या रात के पीक टाइम में होता, तो इसका असर कहीं ज्यादा बड़ा हो सकता था।
दरअसल, शुक्रवार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पिछले चार वर्षों में यह पहली बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने के बाद ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने यह फैसला लिया। नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है।






