भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों के कामकाज की गहन समीक्षा करते हुए एक-एक विभाग और प्रभार वाले जिलों की स्थिति पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से पूछा कि सरकार की योजनाएं और नीतियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक कितनी पहुंची हैं और चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों पर कितना काम हुआ है।
17 मई को हुई बैठक में सीएम डॉ. यादव और संगठन पदाधिकारियों ने करीब 20 मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा की। वहीं 18 मई को बाकी मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। इस दौरान सत्ता और संगठन के बीच समन्वय, जिलों में प्रवास, संगठनात्मक बैठकों और कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि मंत्रियों से स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी और सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति को लेकर सवाल किए गए। साथ ही सरकार की अपेक्षाओं और विभागीय उपलब्धियों का भी आकलन किया गया।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत अपील पर भी चर्चा हुई। नेताओं और कार्यकर्ताओं को सार्वजनिक परिवहन अपनाने, वर्चुअल मीटिंग करने और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की सलाह दी गई।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने निगम-मंडलों के अध्यक्षों को भी प्रशिक्षण और संवाद के लिए बुलाया है, जहां उन्हें जनता से बेहतर समन्वय, व्यवहार और संगठनात्मक संतुलन को लेकर मार्गदर्शन दिया जाएगा।






