Home » ताजा खबर » बकरीद से पहले मीरा रोड में फिर बढ़ा तनाव, दो समुदायों के बीच विवाद के बाद मारपीट

बकरीद से पहले मीरा रोड में फिर बढ़ा तनाव, दो समुदायों के बीच विवाद के बाद मारपीट

मुंबई: मुंबई से सटे मीरा रोड इलाके में बकरीद से पहले तनाव का माहौल देखने को मिला। मामला मीरा रोड के पूनम क्लस्टर-1 स्थित सृष्टि कॉम्पलेक्स का है, जहां कुर्बानी के बकरों के लिए बनाए गए एक अस्थायी शेड को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों और कुछ हिंदू संगठनों की शिकायत के बाद नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर शेड को हटाने की कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि शेड हटाए जाने के बाद मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और मामले की शिकायत काशीमीरा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत करा दिया था।

हालांकि आरोप है कि देर रात दोबारा उसी स्थान पर शेड बनाने की कोशिश की गई, जिसके बाद कुछ हिंदू संगठन के लोग वहां पहुंच गए। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। कुछ लोगों ने मारपीट और हमला किए जाने के भी आरोप लगाए हैं।

फिलहाल पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं।

बता दें कि बकरीद, जिसे ईद-उल-अजहा भी कहा जाता है, मुस्लिम समुदाय का प्रमुख त्योहार है। यह हजरत इब्राहिम की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है। इस दिन कुर्बानी देने की परंपरा निभाई जाती है और मांस को परिवार, रिश्तेदारों और जरूरतमंदों में बांटा जाता है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This