नई दिल्ली: प्रधानमंत्री Narendra Modi ने आज 26 मई को प्रधानमंत्री पद पर अपने 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। वर्ष 2014 में इसी दिन नरेंद्र मोदी ने पहली बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस अवसर पर भाजपा और एनडीए के नेताओं सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें बधाई दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने भी सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं दीं।
सीएम योगी ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण सरकार की प्राथमिकता बना, अंत्योदय आत्मनिर्भरता की शक्ति में बदला और जनभागीदारी ने विकास को जन-आंदोलन का रूप दिया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में नारी सशक्तीकरण, नवाचार, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण को नई गति मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ कड़े रुख और वैश्विक मंच पर आत्मविश्वासपूर्ण नेतृत्व के कारण दुनिया में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि योजना जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने विकास को सीधे आम लोगों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को उनकी 12 साल की इस यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “नेशन फर्स्ट” और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ देश लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।





