आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया है। पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर उनकी जगह पंजाब से सांसद अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी देने की सिफारिश की है। अब अशोक मित्तल राज्यसभा में आप के नए डिप्टी लीडर होंगे। इस बदलाव को पार्टी ने एक रूटीन प्रक्रिया बताया है। उनसे पहले एनडी गुप्ता इस पद पर थे। वहीं, सूत्रों के मुताबिक राघव चड्ढा इस मुद्दे पर राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल से मुलाकात कर सकते हैं।
हाल के महीनों में राघव चड्ढा ने राज्यसभा में आम लोगों से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए, जिनमें मोबाइल डेटा से जुड़ी समस्याएं भी शामिल रहीं। पिछले महीने उन्होंने डेली डेटा लिमिट और डेटा रोलओवर का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि अगर उपभोक्ता अपने रोजाना मिलने वाले डेटा का पूरा इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं, तो उसे बाद में उपयोग करने की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि यह केवल डेटा का नहीं बल्कि उपभोक्ता अधिकारों का मामला है। साथ ही, रिचार्ज खत्म होते ही इनकमिंग कॉल सेवा बंद करने पर भी उन्होंने सवाल उठाए थे।
शून्यकाल में बोलते हुए चड्ढा ने कहा था कि मोबाइल प्लान के तहत मिलने वाला डेटा रात 12 बजे खत्म हो जाता है, जबकि उसका पूरा इस्तेमाल नहीं हो पाता। उपभोक्ता पूरा भुगतान करते हैं, लेकिन बचा हुआ डेटा अगले दिन नहीं मिलता। उन्होंने इसे उपभोक्ताओं के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि रोजाना डेटा लिमिट तय होती है, लेकिन मासिक डेटा सीमा नहीं होती, जिससे डेटा का पूरा उपयोग नहीं हो पाता और अंत में वह एक्सपायर हो जाता है।
उन्होंने सुझाव दिया था कि बचा हुआ डेटा उपयोगकर्ता को आगे इस्तेमाल करने की अनुमति मिलनी चाहिए और इसे “डिजिटल संपत्ति” के रूप में मान्यता दी जानी चाहिए। उनका कहना था कि जैसे बिजली के लिए जितनी खपत होती है, उतना ही भुगतान किया जाता है, उसी तरह डेटा के मामले में भी ‘जितना उपयोग, उतना भुगतान’ का सिद्धांत लागू होना चाहिए।






