Home » देश » “दिल्ली पुलिस के ‘जय-वीरू’ को वीरता सम्मान, मूसेवाला से सलमान खान केस तक गैंगस्टरों पर कसा शिकंजा”

“दिल्ली पुलिस के ‘जय-वीरू’ को वीरता सम्मान, मूसेवाला से सलमान खान केस तक गैंगस्टरों पर कसा शिकंजा”

नई दिल्ली:
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से लेकर सलमान खान के घर फायरिंग, मोहाली RPG अटैक, अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर गोलीबारी, खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल की तलाश, सिंगर बादशाह के कैफे पर फायरिंग और संसद भवन से जुड़े मामलों तक—इन तमाम हाई-प्रोफाइल केसों में आरोपियों तक पहुंचकर कार्रवाई करने वाली दिल्ली पुलिस की चर्चित जोड़ी ‘जय-वीरू’ को गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर पुलिस वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

दिल्ली पुलिस की एंटी टेरर यूनिट, स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट में तैनात इंस्पेक्टर निशांत दहिया और इंस्पेक्टर मंजीत जागलान को उनकी असाधारण बहादुरी, जोखिम भरे अभियानों और गैंगस्टरों व आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

हरियाणा के अफसर, गैंगस्टरों के लिए काल

हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले दोनों अधिकारी 2014 बैच के हैं। उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के आधार पर आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन पाकर इंस्पेक्टर बने इन अफसरों ने उत्तर भारत में सक्रिय कुख्यात गैंगस्टर नेटवर्क की कमर तोड़ने में अहम भूमिका निभाई है।
इनकी अगुवाई में लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़, कौशल चौधरी, जग्गू भगवानपुरिया, काला जठेड़ी और आतंकी अर्श डाला गैंग से जुड़े कई बड़े गैंगस्टरों और दर्जनों गुर्गों को गिरफ्तार किया गया। कई बदमाश मुठभेड़ों में ढेर हुए, जबकि कई को हाफ-एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया।

हर बड़े केस में निर्णायक भूमिका

खालिस्तानी समर्थक और वर्तमान निर्दलीय सांसद अमृतपाल जब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को चकमा देकर फरार था, तब इंस्पेक्टर निशांत दहिया और मंजीत जागलान की जोड़ी ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर अहम सुराग उपलब्ध कराए, जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सकी।

इसके अलावा मूसेवाला हत्याकांड के शूटरों की पहचान, मोहाली RPG अटैक के आरोपियों की गिरफ्तारी, अतीक अहमद के भाई से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस को महत्वपूर्ण इनपुट देने, दिशा पाटनी के घर फायरिंग के आरोपियों के एनकाउंटर—इन सभी मामलों में दोनों अफसरों की भूमिका अहम रही।

सलमान खान के घर फायरिंग करने वालों तक पहुंच, हिमांशु भाऊ गैंग के अजय गोली का एनकाउंटर, तीन लाख के इनामी बदमाश रोमिल बोहरा का एनकाउंटर, कुख्यात गैंगस्टर गोगी की गिरफ्तारी और लॉरेंस बिश्नोई के करीबी राशिद केबलवाला को पकड़ने जैसे अभियानों में भी यही जोड़ी फ्रंटलाइन पर रही।

लगातार बड़ी कार्रवाइयों, अत्यंत जोखिम भरे ऑपरेशनों और बेखौफ पुलिसिंग के लिए इंस्पेक्टर निशांत दहिया और इंस्पेक्टर मंजीत जागलान को वर्ष 2025 का पुलिस वीरता पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अतिरिक्त आयुक्त प्रमोद कुशवाहा और काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट के इंस्पेक्टर अमित भाटी को भी वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This