Home » देश » G20 शिखर सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न, पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका से दिल्ली लौटे

G20 शिखर सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न, पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका से दिल्ली लौटे

दक्षिण अफ्रीका दौरा पूरा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली लौटे, जी20 शिखर सम्मेलन में रखी कई अहम बातें

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण अफ्रीका की अपनी यात्रा समाप्त कर दिल्ली लौट आए हैं। पीएम मोदी ने जोहान्सबर्ग में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने दुनिया के कई शीर्ष नेताओं के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ताएं कीं। इस दौरान उनकी मुलाकात कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, ब्रिटेन के पीएम केअर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा सहित कई अन्य वैश्विक नेताओं से हुई।

जी20 सम्मेलन के बारे में क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने कहा, “जोहानिसबर्ग में संपन्न सफल जी20 सम्मेलन एक समृद्ध और टिकाऊ ग्रह के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा। विश्व नेताओं के साथ मेरी मुलाकातें बेहद सकारात्मक और सार्थक रहीं, जिनसे भारत के द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।”
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लोगों, राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा और दक्षिण अफ्रीकी सरकार को सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद भी दिया।

जी20 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी के प्रमुख संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मेलन के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दुरुपयोग को रोकने के लिए वैश्विक स्तर पर एक व्यापक समझौते की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने विभिन्न देशों के सामने मादक पदार्थ–आतंकवाद गठजोड़ से निपटने के लिए जी20 पहल शुरू करने और एक वैश्विक स्वास्थ्य सेवा प्रतिक्रिया दल बनाने का भी प्रस्ताव पेश किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने वैश्विक विकास मानदंडों पर नए सिरे से विचार करने का आह्वान किया।

UNSC सुधार की वकालत

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में व्यापक सुधारों की जोरदार वकालत की।
उन्होंने कहा कि भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका (इब्सा) को यह संदेश स्पष्ट रूप से देना चाहिए कि वैश्विक संस्थानों में बदलाव अब विकल्प नहीं, बल्कि समय की अनिवार्य मांग है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This