BJP Manifesto Kerala: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। इसमें राज्य के समग्र विकास, आर्थिक मजबूती और महिलाओं व गरीब वर्ग के कल्याण पर विशेष जोर दिया गया है। पार्टी ने ‘विकसित केरलम’ का लक्ष्य रखते हुए केरल को वैश्विक पर्यटन हब बनाने और प्रमुख शहरों को अलग-अलग आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पेश की।
शहरों के लिए खास विकास योजना
बीजेपी अपने घोषणापत्र को ‘संकल्प पत्र’ कहती है। इसके तहत राज्य के प्रमुख शहरों को अलग-अलग सेक्टर में विकसित करने की योजना बनाई गई है—
- तिरुवनंतपुरम: IT और इनोवेशन हब
- कोच्चि: शिपबिल्डिंग केंद्र
- कोझिकोड: हेल्थकेयर और मेडिकल इनोवेशन हब
- त्रिशूर: सांस्कृतिक पर्यटन राजधानी
- कोल्लम: ब्लू इकोनॉमी और समुद्री निर्यात केंद्र
- कन्नूर: डिफेंस इनोवेशन हब
पार्टी का दावा है कि इन योजनाओं से बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
महिलाओं और गरीबों के लिए बड़ी घोषणाएं
घोषणापत्र में महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए कई योजनाएं शामिल हैं। बीजेपी ने ‘भक्ष्य आरोग्य सुरक्षा कार्ड’ के तहत जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया है। इसके अलावा गरीब परिवारों को साल में दो मुफ्त LPG सिलेंडर (ओणम और क्रिसमस पर) और हर घर को प्रति माह 20,000 लीटर मुफ्त पानी देने की घोषणा की गई है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य पर फोकस
पार्टी ने केरल में AIIMS स्थापित करने और तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क बनाने का वादा किया है। साथ ही सबरीमला और गुरुवायूर जैसे धार्मिक स्थलों के बेहतर प्रबंधन के लिए देवस्वम बोर्ड में सुधार की बात कही गई है। मुल्लापेरियार बांध को लेकर बीजेपी ने कहा कि तमिलनाडु को पानी मिलता रहेगा, लेकिन केरल के हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी।
विपक्ष पर निशाना
इस दौरान बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने LDF और UDF पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि दोनों गठबंधन वर्षों से बारी-बारी से सत्ता में आकर ‘फिक्स्ड’ राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में बीजेपी का वोट शेयर 2% से बढ़कर 20% तक पहुंच गया है, जो बढ़ते जनसमर्थन का संकेत है।
चुनाव की तारीख और मतदाता
केरल में विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल 2026 को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए इस बार मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। राज्य में करीब 2.7 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 1.31 करोड़ पुरुष, 1.38 करोड़ महिलाएं और 227 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल हैं।






