नई दिल्ली: संसद भवन में आज एनडीए सांसदों की बैठक जारी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री को सम्मानित किया जाएगा और वे सांसदों को संबोधित भी करेंगे।
बीजेपी के शीर्ष नेता बैठक में मौजूद
संसद परिसर में हो रही एनडीए संसदीय दल की इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नवनिर्वाचित पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पीएम मोदी को बधाई
बैठक के दौरान एनडीए सांसदों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी और इसे देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
बैठक से पहले पीएम मोदी का एक्स पर संदेश
एनडीए सांसदों की बैठक में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा,
“आत्मविश्वास वह शक्ति है, जिसके बल पर सब कुछ संभव है। विकसित भारत के सपने को साकार करने में देशवासियों की यही शक्ति बहुत काम आने वाली है। श्रीर्मङ्गलात् प्रभवति प्रागल्भ्यात् सम्प्रवर्धते। दाक्ष्यात् तु कुरुते मूलं संयमात् प्रतितिष्ठति।”
राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत पर भी किया था पोस्ट
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक अन्य पोस्ट में लिखा था कि आज राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करके उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने बताया कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके लिए उन्होंने भारत की जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का आभार व्यक्त किया और कहा कि दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं व दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के सहयोग से दोनों देशों को लाभ होगा।
गौरतलब है कि अमेरिका ने भारत पर लगाए जाने वाले टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है, जिसे भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है।






