Home » ताजा खबर » पीएम मोदी का विपक्ष पर वार: “जो चाहे ड्रामा करे, लेकिन संसद में नारे नहीं, नीतियों पर ध्यान जरूरी”

पीएम मोदी का विपक्ष पर वार: “जो चाहे ड्रामा करे, लेकिन संसद में नारे नहीं, नीतियों पर ध्यान जरूरी”

लोकसभा के शीतकालीन सत्र से पहले पीएम मोदी की नसीहत: “ड्रामा नहीं, डिलीवरी और नीतियों पर ध्यान दें”

लोकसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को हार की निराशा भूलकर रचनात्मक भूमिका निभाने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “जो ड्रामा करना चाहता है, वह कर सकता है, लेकिन यहां ड्रामा नहीं—डिलीवरी होनी चाहिए। नारे नहीं, पॉलिसी पर जोर होना चाहिए।” पीएम मोदी ने कहा कि यह सत्र देश की प्रगति को गति देने के लिए है, न कि चुनावी हार की भड़ास निकालने का मंच।

“सत्र देश को आगे ले जाने की ऊर्जा देगा”

सत्र के आरंभ से पहले संसद भवन में पीएम मोदी ने कहा कि यह शीतकालीन सत्र राष्ट्र को प्रगति की ओर बढ़ाने के लिए प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि भारत ने लोकतंत्र को न सिर्फ अपनाया है, बल्कि समय-समय पर उसे मजबूत भी किया है। बिहार चुनाव में मतदान प्रतिशत इसका सर्वोत्तम उदाहरण है, जो लोकतंत्र की जीवंतता को दर्शाता है।

“विपक्ष पराजय से बाहर आए, मजबूत मुद्दे उठाए”

पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया भारत की लोकतांत्रिक और आर्थिक प्रगति को बारीकी से देख रही है। “भारत ने साबित कर दिया है कि Democracy can deliver।” उन्होंने विपक्ष से कहा कि वे अपने दायित्व का निर्वहन करें, गंभीर मुद्दे उठाएँ और हार की निराशा से बाहर आएँ।
उन्होंने यह भी कहा, “शीतकालीन सत्र पराजय का मैदान नहीं बनना चाहिए, और न ही विजय का अहंकार झलकना चाहिए। जनप्रतिनिधि के रूप में हमें देश से जुड़े मुद्दे उठाने हैं।”

“युवा सांसदों को अवसर मिलना चाहिए”

पीएम मोदी ने चिंता जताई कि कई युवा और पहली बार चुने गए सांसदों को सदन में अपनी बात रखने का मौका नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा, “सभी दलों को नई पीढ़ी के सांसदों को बोलने का अवसर देना चाहिए। उनके अनुभवों और विचारों से सदन को लाभ मिलेगा।”

“रणनीति बदलें, ज़रूरत पड़े तो मैं टिप्स देने को तैयार हूं”

प्रधानमंत्री ने कहा कि GST सुधारों ने देशवासियों के मन में भरोसा बढ़ाया है और इस सत्र में इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाने हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के बीच अपनी बात नहीं समझा पा रहा है, इसलिए नाराज़गी सदन में उतारी जा रही है। “कुछ दलों ने नई परंपराएँ शुरू कर दी हैं। उन्हें अपनी रणनीति पर फिर से सोचने की जरूरत है। यदि चाहें तो मैं टिप्स देने को भी तैयार हूं।”

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This