Home » देश » राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे पीएम मोदी, 7 हजार से ज्यादा लोग होंगे शामिल

राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे पीएम मोदी, 7 हजार से ज्यादा लोग होंगे शामिल

अयोध्या में 25 नवंबर को होने वाले भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राम की नगरी दुल्हन की तरह सजकर तैयार है। इस अवसर पर राम मंदिर के शिखर सहित कुल सात स्थानों पर ध्वज फहराए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर के मुख्य शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे, जबकि परकोटा में बने छह मंदिरों में मौजूद विशिष्ट अतिथि ध्वज फहराएंगे। सभी सातों ध्वज अहमदाबाद में विशेष रूप से तैयार किए गए हैं।

ध्वज की खासियतें

राम मंदिर के शिखर पर लगाए जाने वाले ध्वज का रंग केसरिया है। इसकी लंबाई 22 फीट और चौड़ाई 11 फीट है। ध्वज पर सूर्यदेव, कोविदार वृक्ष और ‘ॐ’ के चिन्ह अंकित हैं।
इसे जमीन से 191 फीट की ऊँचाई तक ले जाया जाएगा। मंदिर का शिखर 161 फीट ऊँचा है, जिसके ऊपर स्थित ध्वजदंड पर यह ध्वज लहराएगा। भारी रस्सियों को मशीन से जोड़ा गया है ताकि ध्वज को सुरक्षित तरीके से ऊपर उठाया जा सके। ध्वजारोहण के लिए बटन आधारित व्यवस्था भी मौजूद है। इस कार्य में सेना की तकनीकी सहायता भी ली गई है।

25 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे ध्वजारोहण

ध्वजारोहण से पहले राम मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना जारी है। 25 नवंबर को विवाह पंचमी के शुभ अवसर पर अभिजीत मुहूर्त में प्रधानमंत्री मोदी ध्वजारोहण करेंगे।
ध्वज फहरते ही दस सेकंड तक शंख ध्वनि गूंजेगी और पुष्प वर्षा भी की जाएगी। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए लगभग साढ़े सात हजार अतिथि मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संघ प्रमुख मोहन भागवत और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

परकोटा के छह मंदिरों में भी ध्वजारोहण

मुख्य शिखर के साथ-साथ परकोटा में बनाए गए छह मंदिरों—भगवान शिव, भगवान गणेश, सूर्यदेव, हनुमान, मां भगवती और माता अन्नपूर्णा—में भी ध्वज फहराया जाएगा। इन मंदिरों में ध्वजदंड और कलश पहले ही स्थापित कर दिए गए हैं।

तैयारियों की समीक्षा आज करेंगे CM योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ आज दोपहर 3:30 बजे अयोध्या पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। वह रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे और एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर तक सुरक्षा व रूट की समीक्षा करेंगे।
20 नवंबर से शुरू हुए भव्य अनुष्ठान का आज तीसरा दिन है। वैदिक आचार्य विशेष पूजा और मंत्रोच्चारण कर रहे हैं। अयोध्या नगरी को त्रेता युग की भव्यता के अनुरूप सजाया गया है और शहर को रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग किया गया है।

अयोध्या को बनाया गया अभेद्य सुरक्षा कवच

25 नवंबर के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। अयोध्या को पूर्ण सुरक्षा घेरा प्रदान किया गया है।
SPG, NSG, CRPF, IB और यूपी पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। पूरे शहर में 15,000 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल को ‘यलो जोन’ घोषित किया गया है, जहां 450 अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This