Home » ताजा खबर » आंध्र प्रदेश: करनूल में बस-बाइक टक्कर के बाद लगी आग, 20 यात्रियों की दर्दनाक मौत, जांच के आदेश जारी

आंध्र प्रदेश: करनूल में बस-बाइक टक्कर के बाद लगी आग, 20 यात्रियों की दर्दनाक मौत, जांच के आदेश जारी

आंध्र प्रदेश के कुरनूल ज़िले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 20 लोगों की जलकर मौत हो गई। हादसा चिन्ना टेकुर के पास उस समय हुआ जब हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की एसी बस एक बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद ईंधन रिसाव होने से बस में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

इस दर्दनाक हादसे में करीब 21 यात्री बस के शीशे तोड़कर बाहर निकलने में कामयाब रहे, जिससे उनकी जान बच गई। बाकी यात्री बाहर नहीं निकल सके और जलकर राख हो गए। हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ।

बस में सवार अतिरिक्त चालक ने बताया कि उन्होंने पहले आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन जब लपटें तेज़ हो गईं तो यात्रियों ने मिलकर बस के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए। राहगीरों ने भी मदद की, जिससे कुछ लोगों की जान बच पाई।

कुरनूल के एसपी ने पुष्टि की कि बस से कूदने वाले यात्री सुरक्षित हैं। जिला कलेक्टर के अनुसार, बस में दो चालकों समेत कुल 41 लोग सवार थे। अब तक 21 यात्रियों का पता लगाया जा चुका है, जबकि 11 शव बरामद किए गए हैं। दोनों चालक फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद बस का दरवाज़ा बंद हो गया था, जिससे यात्री बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ-साथ राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई है।

घायल यात्रियों को कुरनूल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This