बीजापुर: नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की बेरहमी से हत्या, इलाके में दहशत
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के नेलाकांकेर गांव में नक्सलियों ने शुक्रवार रात दो ग्रामीणों की निर्मम हत्या कर दी। मृतकों की पहचान रवि कट्टम (25) और तिरुपति सोढी (38) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों ने धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया और हत्या को अंजाम देने के बाद घटनास्थल से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस दल को मौके पर रवाना किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर सहित सात जिलों वाले बस्तर संभाग में नक्सली ग्रामीणों को लगातार निशाना बना रहे हैं।
पहले भी हुई थी हत्या
इससे पहले 14 अक्टूबर को जिले के इलमिड़ी थाना क्षेत्र के मुजालकांकेर गांव में नक्सलियों ने भाजपा कार्यकर्ता सत्यम पुनेम की हत्या कर दी थी। पुनेम की गला घोंटकर हत्या की गई और शव के पास पर्चा बरामद हुआ, जिसमें पुनेम पर मुखबिरी का आरोप लगाया गया था। कथित तौर पर इस हत्या की जिम्मेदारी नक्सलियों की मद्देड़ एरिया कमेटी ने ली।
माओवादी हिंसा में बढ़ती मौतें
जनवरी 2023 से दिसंबर 2024 के बीच बीजापुर सहित बस्तर संभाग के अलग-अलग हिस्सों में माओवादी हिंसा की घटनाओं में लगभग 40 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें 11 भाजपा नेता भी शामिल हैं। इस साल की यह घटना ग्रामीणों के बीच भय और दहशत पैदा कर रही है।






