विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने न्यूयॉर्क में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की। यह बैठक सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें उच्च-स्तरीय सत्र की शुरुआत के दौरान हुई।
भारत पर 50% टैरिफ के बाद पहली सीधी बातचीत
यह मुलाकात राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा रूस से तेल खरीदने पर भारत पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने के बाद हुई, जिससे कुल शुल्क 50% तक पहुंच गया। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर लिखा—“आज न्यूयॉर्क में विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मिलकर खुशी हुई। हमने कई द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में प्रगति के लिए निरंतर जुड़ाव की अहमियत पर सहमति जताई। संपर्क बनाए रखेंगे।”
क्वाड बैठक के बाद पहली मुलाकात
इससे पहले दोनों नेता जुलाई में वाशिंगटन डीसी में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान मिले थे। जयशंकर और रुबियो की यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब भारत और अमेरिका जल्द ही एक व्यापार समझौते पर निष्कर्ष निकालने की दिशा में चर्चा कर सकते हैं।
पीयूष गोयल का अमेरिकी प्रतिनिधियों से संवाद
वहीं, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की अगुवाई में भारतीय प्रतिनिधिमंडल अमेरिकी पक्ष से मुलाकात करेगा। मंत्रालय ने कहा कि उद्देश्य पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते पर शीघ्र सहमति बनाना है।
व्यापार वार्ता में सकारात्मक प्रगति
मंत्रालय के अनुसार, 16 सितंबर को अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय के अधिकारियों की भारत यात्रा के दौरान इस समझौते पर सकारात्मक चर्चा हुई थी और प्रयासों को तेज़ करने पर सहमति बनी थी।
UNGA सत्र के लिए न्यूयॉर्क में जयशंकर
जयशंकर रविवार को हाई-लेवल यूएनजीए सत्र में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे। इस दौरान वे द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकों की श्रृंखला करेंगे और 27 सितंबर को यूएनजीए के प्रतिष्ठित मंच से भारत का राष्ट्रीय वक्तव्य देंगे।






