Home » ताजा खबर » दिल्ली बम ब्लास्ट पर कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम का बयान — “आतंकवादी दो प्रकार के होते हैं…”

दिल्ली बम ब्लास्ट पर कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम का बयान — “आतंकवादी दो प्रकार के होते हैं…”

नई दिल्ली: दिल्ली बम ब्लास्ट मामले पर पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा कि “मैं पहले भी कह चुका हूं कि आतंकवादी दो प्रकार के होते हैं — एक, विदेश से प्रशिक्षित घुसपैठिए आतंकवादी, और दूसरे, घरेलू आतंकवादी।”

चिदंबरम ने बताया कि उन्होंने संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान भी यही बात कही थी, लेकिन उस समय उनके “घरेलू आतंकवादियों” वाले बयान का मज़ाक उड़ाया गया और उन्हें ट्रोल किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली क्योंकि उसे भी पता है कि घरेलू आतंकवादी वास्तव में मौजूद हैं।

कांग्रेस नेता ने आगे लिखा कि हमें यह सोचना चाहिए कि ऐसी कौन-सी परिस्थितियाँ हैं, जिनमें भारतीय नागरिक — यहां तक कि पढ़े-लिखे लोग भी — आतंकवादी बन जाते हैं।

घरेलू आतंकवाद पर उठाए सवाल

चिदंबरम ने यह बयान उस समय दिया है जब एनआईए ने दिल्ली विस्फोट की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने सीधे तौर पर इस घटना का नाम नहीं लिया, लेकिन अपने पोस्ट के ज़रिए पूछा — “किन हालातों में भारतीय नागरिक आतंकवादी बन रहे हैं?”

पहले भी सरकार पर साधा था निशाना

पूर्व मंत्री ने यह टिप्पणी ऐसे दिन की है जब केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली विस्फोट को ‘आतंकवादी हमला’ घोषित किया है। इससे पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी चिदंबरम ने सरकार की पारदर्शिता पर सवाल उठाए थे। उन्होंने पूछा था, “आतंकी हमलावर कहां हैं? उन्हें अब तक पकड़ा क्यों नहीं गया?”

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

सोमवार शाम दिल्ली में हुए इस आतंकी धमाके में 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल हैं। घटना के बाद राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की तुरंत सूचना देने की अपील की है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर पुलिस लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से सतर्क रहने और लावारिस सामान या संदिग्ध हरकत की जानकारी देने की अपील कर रही है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This