पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतगणना सुबह 8 बजे से जारी है। शुरुआती रुझानों में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनती दिख रही है। ताज़ा रुझानों के अनुसार एनडीए ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए 122 सीटों से आगे बढ़कर 190 से ज्यादा सीटों पर बढ़त दर्ज कर ली है। मतों की गिनती अभी जारी है, ऐसे में एनडीए की बढ़त और बढ़ सकती है।

बिहार में बहुमत का गणित
14 नवंबर 2025 को शुरू हुई मतगणना का माहौल काफी उत्साहपूर्ण है। जैसे-जैसे रुझान सामने आ रहे हैं, एनडीए की स्थिति और मजबूत होती जा रही है। शुरुआती गणना में स्पष्ट है कि इस बार भी बिहार में एनडीए को भारी समर्थन मिला है, जबकि महागठबंधन कई सीटों पर पीछे चल रहा है। बता दें कि विधानसभा में बहुमत के लिए 122 सीटें आवश्यक हैं।
मतदान में रिकॉर्ड सहभागिता
बिहार में इस चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान संपन्न हुआ था—पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को। दोनों चरणों को मिलाकर कुल मतदान प्रतिशत 67.13% रहा, जो 1951 के बाद से सबसे अधिक है। जनता ने इस बार इतिहास रचते हुए बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
आज नतीजों का दिन है और अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हुई हैं कि बिहार की सत्ता की कुर्सी किसके हाथ में जाएगी। हालांकि शुरुआती रुझान साफ संकेत दे रहे हैं कि एनडीए एक बार फिर स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ रहा है।






