पटना: बिहार में एनडीए सरकार की नई कैबिनेट के गठन की उलटी गिनती शुरू हो गई है। मंत्रिमंडल विस्तार से पहले एनडीए के घटक दलों में हिस्सेदारी को लेकर खींचतान तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा और जद(यू) से 5–6 नए चेहरों को इस बार मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। महनार से विजयी जद(यू) प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा का नाम भी संभावित नए मंत्रियों की सूची में शामिल है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 19 नवंबर को राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे और इसके बाद 20 नवंबर को 10वीं बार पद की शपथ लेंगे।
जद(यू) में पुराने चेहरे बरकरार, भाजपा ला सकती है नई टीम
सूत्र बताते हैं कि जद(यू) अपने ज्यादातर पुराने मंत्रियों को बनाए रखने की तैयारी में है, जबकि भाजपा कुछ नए नेताओं को मौका देने पर विचार कर रही है। पिछले मंत्रिमंडल के 25 मंत्रियों में से 24 ने इस बार जीत दर्ज की है। केवल सुमित कुमार सिंह अपनी सीट हार गए, जो 2020 में निर्दलीय जीतने के बाद जद(यू) कोटे से मंत्री बने थे।
नई सरकार में लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा भी शामिल होंगे।
LJP(RV) को 3, HAM और RLM को 1-1 मंत्री पद की संभावना
सूत्रों के अनुसार लोजपा (रामविलास) को तीन, जबकि हम और रालोमो को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है। भाजपा से अधिकतम 16 और जद(यू) से 14 मंत्री 20 नवंबर को मुख्यमंत्री के साथ शपथ ले सकते हैं।
जद(यू) के संभावित मंत्रियों की सूची में बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, सुनील कुमार, लेसी सिंह, शीला मंडल, मदन सहनी, रत्नेश सदा, मोहम्मद जामा खान, जयंत राज, उमेश सिंह कुशवाहा और अशोक चौधरी शामिल हैं। नए चेहरों में राहुल कुमार सिंह, सुधांशु शेखर, कलाधर प्रसाद मंडल और पन्ना लाल सिंह पटेल पर विचार हो रहा है।
भाजपा में 3–4 नए नामों की एंट्री संभव
भाजपा ज्यादातर मौजूदा मंत्रियों को दोबारा अवसर दे सकती है। संभावित पुराने नामों में सम्राट चौधरी, प्रेम कुमार, मंगल पांडेय, विजय कुमार सिन्हा, नीतीश मिश्रा, रेनू देवी, जिबेश कुमार, नीरज सिंह, जनक राम, हरि साहनी, केदार गुप्ता, सुरेंद्र मेहता, संतोष कुमार सिंह और सुनील कुमार शामिल हैं।
नए चेहरों में राणा रणधीर, गायत्री देवी और विजय कुमार खेमका को मौका मिल सकता है।
शपथ समारोह की तैयारी तेज
ऐतिहासिक गांधी मैदान को 20 नवंबर तक आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है। पटना जिला प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ समारोह में शामिल होने की संभावना है, जबकि केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं के भी उपस्थित रहने की उम्मीद है।






